गर्भवती महिला की मौत पर भड़के परिजन , खूब किया हंगामा

बागपत। एक गर्भवती महिला की महिला अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। नाराज परिजनों ने काफी हंगामा किया। घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है।


बसौद गांव के नानू ने बताया कि उनकी पुत्रवधू बुशरा (30) को तीन दिन पहले जिला अस्पताल में स्थित महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसको प्रसव पीड़ा हो रही थी। बच्चे होने का समय नजदीक था। बुधवार की सुबह डॉक्टरों की लापरवाही से हालत ज्यादा खराब हो गई। उसके बाद दिल्ली के लिए रेफर कर दिया था, जिसकी बीच रास्ते में ही मौत हो गई थी। पुत्रवधु के साथ दो गर्भस्थ बच्चों की भी मौत हो गई। डॉक्टर अगर समय रहते दिल्ली के लिए रेफर कर देते, तो सभी की जान बच जाती। आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने ऑपरेशन करने के की बात कहीं थी, लेकिन डॉक्टर होली के बाद ऑपरेशन करने की बात कहते रहे, किसी ने भी उनकी एक नहीं सुनी। केवल वहां मौजूद नर्स और अन्य कर्मचारी ही उपचार करने आते थे, किसी भी बड़े डॉक्टर ने आना मुनासिब नहीं समझा। इसकी शिकायत अस्पताल के अधिकारियों से की, लेकिन उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं की। अब वह इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से करेंगे। गमगीन माहौल में महिला के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया है। महिला को ब्लड प्रेशर हाई होने की शिकायत थी। इसकी जानकारी परिजनों को दें दी थी। पहले ही सभी जानकारियां दें दी थी। दिल्ली के लिए रेफर कर दिया था। बीच रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने कोई लापरवाही नहीं बरती है। जो आरोप लगाए है वो गलत है।